उत्तराखंड में एक बार फिर मानसून के तेवर तल्ख हो गए हैं। शुक्रवार रात से शुरू हुआ झमाझम बारिश का दौर शनिवार को भी जारी रहा। मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने आज भी देहरादून, टिहरी और पौड़ी में रेड अलर्ट घोषित किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। राज्य के शेष जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच चार धाम यात्रा भी रोक दी गई है।शनिवार सुबह से लगातार बारिश जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम में ठंडक बढ़ गई है। उत्तरकाशी सहित सभी तहसील क्षेत्रों में बीते शनिवार सुबह से वर्षा का सिलसिला जारी है। वहीं, ऊंचाई वाले गंगोत्री व यमुनोत्री धाम से लगी चोटियों पर बर्फबारी हुई है। वर्षा और बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ गई है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग दुर्बिल के पास पत्थर आने के कारण अवरूद्ध हो गया है, सूचना पर एनएच ने मौके के लिए मशीनरी को रवाना किया है।
