उत्तराखंड पुलिस में भर्ती होने की राह देख रहे युवाओं की इच्छा जल्द पूरी हो सकती है। इस समय शासन में पुलिस विभाग में करीब 1500 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को लेकर कवायद चल रही है। इस समय नागरिक पुलिस में कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल के तकरीबन 720 पद, आइआरबी के 315 पद अग्निशमन सेवा के 225 पद, एटीएस के 220 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। यद्यपि, पदों की अंतिम संख्या शासन स्तर पर परीक्षण के बाद तय होगी।नागरिक पुलिस, इंडिया रिजर्व बटालियन (आइआरबी), आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और अग्निशमन विभाग में भर्ती के लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विशेष यह कि लंबे समय बाद महिलाओं की भर्ती भी इसमें शामिल की जा रही है।प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद संबंधित पदों का अधियाचन भर्ती एजेंसी को भेजा जाएगा। प्रदेश में इस समय कानून-व्यवस्था के साथ ही बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों और पुलिसिंग के बदलते स्वरूप को देखते हुए विभाग में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराना अहम माना जा रहा है।
