उत्तराखंड में हवाई संपर्क को और विस्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। नागरिक उड्डयन विभाग जल्द ही पांच नए रूटों पर हेली सेवाएं शुरू करने जा रहा है। इसके लिए प्रस्तावित मार्गों का चिह्नीकरण पूरा कर लिया गया है और अब हेलीकॉप्टर कंपनियों के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। नई सेवाओं से पर्वतीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ पर्यटन, तीर्थाटन और स्थानीय लोगों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।प्रदेश में हेली सेवाओं को लगातार विस्तार दिया जा रहा है। इस कड़ी में प्रदेश में अभी उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी स्कीम के तहत आठ सेवाएं एलायंस एयर और थंबी एविएशन के सहयोग से संचालित की जा रही हैं। क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत 30 सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। इसमें हेरीटेज एविएशन की 24 और पवन हंस की छह सेवाएं शामिल हैं। इन हेली सेवाएं के जरिये इस वित्तीय वर्ष के तीन माह में 11,242 यात्रियों ने सफर किया है।
