hooded adult man cyber criminal
रातों-रात अमीर बनने का झांसा देकर दून की महिला से 25 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने मात्र 25 हजार रुपये का निवेश कर 2.50 लाख रुपये कमाने का झांसा दिया।निवेश करने पर महिला ठगों के जाल में फंसती गई और जिंदगी भर की कमाई गंवा दी। महिला की तहरीर पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।अंजना सिंह ने उनके पति विदेश में नौकरी करते हैं।13 जनवरी 2026 को उन्होंने फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें उद्योगपतियों एवं प्रसिद्ध व्यक्तियों के नाम एवं फोटो का उपयोग करते हुए दावा किया गया था कि मात्र 25 हजार रुपये निवेश कर घर बैठे 2.50 लाख तक की कमाई कर सकते हैं। विज्ञापन के माध्यम से उन्होंने सवेक्सा नामक आनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफार्म पर अपना खाता बनाया।खाता बनाने के तुरंत बाद उन्हें कई व्यक्तियों के फोन आने लगे। इसके बाद वह कंपनी के टेलीग्राम एप से जुड़ गईं। इस एप से साइबर ठग पैसे ट्रांसफर किए जाने के लिए खातों का विवरण उपलब्ध कराते थे। सबसे पहले खुद को अकाउंट मैनेजर बताने वाले फैजल नामक व्यक्ति ने ट्रेडिंग के नाम पर 25 हजार व बाद में दोबारा 25 हजार रुपये निवेश करने के लिए प्रेरित किया।विश्वास दिलाने के उसने 1900 रुपये की निकासी कराई, जोकि 5-6 दिनों बाद उनके बैंक खाते में प्राप्त हो गई। इससे उन्हें प्लेटफार्म पर विश्वास हो गया।पीड़ित ने बताया कि कुछ समय बाद उनका अकाउंट मैनेजर बदलकर जैन नामक व्यक्ति हो गया। उसने अधिक लाभ का लालच देकर तीन लाख रुपये तक निवेश कराया, लेकिन लाभ होने के बावजूद निकासी नहीं करने दी।इसके बाद उसने बताया कि उनके खाते पर स्वेप चार्जेस लग रहे हैं तथा उनसे बचने के लिए उन्हें और धनराशि जमा करनी होगी। उसके कहने पर उन्होंने पांच लाख रुपये व बाद में अतिरिक्त धनराशि भी जमा की। बाद में अकाउंट मैनेजर दोबारा बदलकर तैमूर नामक व्यक्ति हो गया। उसने निवेश की गई समस्त धनराशि वापस दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके लिए भी लगातार अतिरिक्त निवेश करने का दबाव बनाया गया। धीरे-धीरे करके उनसे कुल 25 लाख रुपये निवेश करवा दिए।इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज फोन नंबर व बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है।
