उत्तराखंड सरकार ने शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिवारों को एक बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने शहीद आंदोलनकारियों के आश्रितों को मिलने वाली मासिक पेंशन राशि में उल्लेखनीय वृद्धि को मंजूरी दे दी है। अब इन परिवारों को 3,000 रुपये के स्थान पर 5,500 रुपये प्रति माह पेंशन मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में हमारे आंदोलनकारियों का बलिदान और संघर्ष अतुलनीय है। उनके सर्वोच्च बलिदान के कारण ही आज हम एक पृथक राज्य के रूप में अपनी पहचान बना पाए हैं। हमारी सरकार के लिए शहीद राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिवारों का सम्मान हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हम उनके बलिदान, संघर्ष और शहादत के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। इसी भावना के अनुरूप, हमने शहीद राज्य आंदोलनकारियों के आश्रितों की मासिक पेंशन राशि को ₹3,000 से बढ़ाकर ₹5,500 करने का निर्णय लिया है। हमारी सरकार शहीदों के सपनों के अनुरूप एक समृद्ध और सशक्त उत्तराखंड बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, और उनके परिवारों का ख्याल रखना हमारा नैतिक कर्तव्य है।
