देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर गुरुवार देर रात चलते ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते ट्रक से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। पुलिस के अनुसार, दोपहर में 112 कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि हर्रावाला और कुआंवाला के बीच एक ट्रक में आग लग गई है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कमलेश गौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के सामने, देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रहे ट्रक में भीषण आग लगी हुई थी।घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। ट्रक चालक संजय कुमार (44) पुत्र राधेश्याम, निवासी ग्राम गोलारा, थाना विजयगढ़, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) ने पुलिस को बताया कि वह देहरादून से गाजियाबाद जा रहा था। हर्रावाला चौकी से आगे विंडलास रिवर वैली के पास अचानक ट्रक में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। चालक ने तुरंत ट्रक से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग से ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन समय रहते आग बुझा दिए जाने से कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। पुलिस के अनुसार, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
