
मंत्रिमंडल में जल्द फेरबदल की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को नई दिल्ली पहुंच गए। पार्टी के कुछ और विधायकों के भी दिल्ली पहुंचने की सूचना है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। सत्ता के गलियारों में इस महीने के आखिर तक कैबिनेट में फेरबदल होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं।कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल नई दिल्ली में हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुछ और विधायक दिल्ली पहुंच सकते हैं।सीएम कार्यालय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सीएम मंगलवार रात एक केंद्रीय मंत्री के बेटे की शादी के प्रीतिभोज में शामिल होने के लिए दिल्ली गए हैं। इसमें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) के भी शामिल होने की संभावना है।