जीएमएस रोड स्थित होटल में भाजपा प्रदेश मीडिया कार्यशाला में सीएम ने कहा कि केंद्र से लेकर राज्य सरकार की प्रत्येक योजना के बारे में लोगों को बताने में मीडिया की सशक्त भूमिका है।शीघ्र ही समिति यूसीसी का ड्राफ्ट सरकार को सौंपेगी। विधानसभा चुनाव से पहले हमने प्रदेश की जनता से यूसीसी लागू करने का वादा किया था। इस पर जनता का आशीर्वाद मिला। यूसीसी के मुद्दे की विस्तृत जानकारी सभी माध्यमों से देनी है। साथ ही विपक्ष की ओर से फैलाई जा रही भ्रांति को भी दूर करना है। सीएम ने कहा,सरकार और जनता के बीच मीडिया की एक सेतु की भूमिका रहती है। सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में महत्वपूर्ण और कठोर निर्णय लिए हैं, जो विगत 23 वर्षों में नहीं लिए गए थे। हमने एक ओर जहां उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया, वहीं धर्मांतरण रोकने के लिए भी कानून बनाया। पहली बार लैंड जिहाद के खिलाफ कठोर कदम उठाए। इसके अलावा उत्तराखंड बनने के 23 वर्षों में पहली बार भ्रष्टाचारियों पर कड़ी कार्रवाई की गई। महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण लागू किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकास का इंजन तेजी से दौड़ रहा है।भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता डबल इंजन की हैट्रिक बनाएगी। इसका नतीजा है दुनिया की सबसे बड़ा राजनैतिक संगठन बना है। भाजपा का स्वर्णिम काल अभी नहीं आया है। इसे लाने के लिए हम सभी को सहभागी बनना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में मीडिया की महत्ता और चुनौतियां बढ़ गई हैं। हमारे प्रशिक्षित और सक्रिय मीडिया विभाग, सोशल मीडिया और आईटी के सहयोगी संयुक्त रूप से बेहतरीन कार्य कर रहे हैं।

