पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई हैं। बर्फबारी से तापमान माइनस में पहुंच गया है।बर्फबारी के साथ-साथ अब पाले से सड़कें सफेद होने लगी हैं। उत्तराखंड में शुष्क मौसम के बीच कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडरा रहे हैं। जिससे ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान सामान्य अधिक चल रहा है और दिन में कड़ाके की ठंड से राहत है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का प्रकोप बढ़ने लगा है और पर्वतीय क्षेत्रों में पाला दुश्वारी बढ़ा रहा है।मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाया रह सकता है। उधम सिंह नगर और हरिद्वार में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। आगामी शनिवार को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम करवट बदल सकता है। उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में चोटियों पर बर्फबारी के आसार हैं।गुजरते वर्ष की विदाई की बेला व नववर्ष का जश्न ठंडा पड़ सकता है। वर्ष की विदाई से ठीक पहले 29 या 30 दिसंबर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय के पास पहुंचने वाला है। इससे 29 दिसंबर से छिटपुट से व्यापक वर्षा व हिमपात की उम्मीद है, जो 30 व 31 दिसंबर को तेज होगी। इससे तापमान में भारी गिरावट आएगी और नए साल की पूर्व संध्या का जश्न थोड़ा ठंडा हो सकता है।

