पुलिस मुख्यालय और सीबीसीआइडी (क्राइम ब्रांच क्राइम इंवेस्टिगेशन डिपार्टमेंट) में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को अब प्रतिदिन काम की रिपोर्ट देनी होगी। इसके लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से एक प्रारूप जारी किया गया है। इस प्रारूप में प्रति घंटे के हिसाब से काम का विवरण देने को कहा गया है। शाम को छह बजे छुट्टी के बाद नियमित तौर पर अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रारूप भरने के निर्देश दिए गए हैं।कार्यवाहक डीजीपी अभिनव कुमार के निर्देशानुसार, 18 से 23 दिसंबर तक कार्यों की समीक्षा होनी है। इसके बाद 25 दिसंबर को प्रारूप की फाइल डीजीपी कार्यालय में पहुंचेगी। पहले चरण में मुख्यालयों को शामिल किया गया है। इसमें पुलिस मुख्यालय और सीबीसीआइडी मुख्यालय को शामिल किया गया है। दोनों मुख्यालयों में परफार्मा भरने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।कार्यवाहक डीजीपी की ओर से प्रथम चरण में पुलिस मुख्यालय व सीबीसीआइडी मुख्यालय के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रत्येक दिवस कार्य का लेखा परीक्षा प्रारूप भेजा गया है। प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी अपने कार्य का लेखा समयानुसार अपने अनुभाग अधिकारी व शाखा प्रभारी को शाम छह बजे तक देगा।

