उत्तराखंड में लोकसभा की सभी पांचों सीटों पर जीत की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य को लेकर मैदान में उतर चुकी भाजपा ने अब अपनी तैयारियों को जमीनी स्तर पर धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में राज्य के साढ़े ग्यारह हजार से अधिक पोलिंग बूथ स्तर पर 11-11 कार्यकर्ताओं की विशेष टोलियां बनाई गई हैं। ये अपने-अपने बूथ के मतदाताओं से निरंतर संपर्क में रहेंगी।इन टोलियों को पार्टी की रीति-नीति के साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों से लैस करने के लिए इनके सम्मेलनों की श्रृंखला प्रारंभ की जा रही है। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से लेकर अब तक के चुनावी परिदृश्य पर नजर दौड़ाएं तो भाजपा इनमें अजेय बनी हुई है।

