मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पिछले चार महीने से बैठकें आयोजित करने का परिणाम मिलने लगा है। अब वह दिन दूर नहीं है, जब राज्य में कोई बेरोजगार होगा। बड़ी संख्या में निवेशकों का सहयोग प्राप्त हुआ। निवेशकों का उत्साह ऊर्जा पैदा करने वाला है।शुक्रवार को मुख्यमंत्री हरिद्वार के सिडकुल में आयोजित कॉन्क्लेव में संबोधित कर रहे थे। उन्होंनेे कहा कि आठ और नौ दिसम्बर को आयोजित होने वाले ग्लोबल इंवेस्टमेंट समिट के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। लंदन, दुबई, अबूधाबी, चेन्नई, अहमदाबाद, मुंबई और रुद्रपुर में निवेशकों से मुलाकात का असर यह रहा कि अब तक प्रदेश में दो लाख करोड़ से अधिक निवेश हो चुका है।उन्होंने कहा कि इस समिट को सफल बनाने के लिए हमारे पूर्व के निवेशक ब्रांड एंबेसडर के रूप में कार्य कर रहे हैं। कहा कि निवेश बढ़ेगा तो रोजगार बढ़ेगा। लोगों को काम मिलेगा और बेरोजगारी खत्म होगी।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद हरिद्वार डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने अपने संबोधन में सिडकुल का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां से लाखों लोगों को रोजगार मिला। हरिद्वार सिडकुल के मॉडल की चर्चा सभी जगह हो रही है। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प-वर्ष 2025 तक देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन बनाने के क्रम में हमारे राज्य ने भी अपनी जीडीपी को आगामी पांच वर्षों में दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।देवोत्थान एकादशी पर जगद्गुरु आश्रम में विशेष अनुष्ठान संपन्न हुआ और भक्ताें ने भंडारे का प्रसाद लिया। इस अनुष्ठान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुचे और जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। जगद्गुरु ने सीएम से उत्तरकाशी के सिलक्यारा में जारी रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में जानकारी ली।

