
प्रदेश में अगले वर्ष आयोजित होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों जोरों पर है। प्रदेश सरकार इन खेलों के सफल आयोजन के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। यही कारण है कि सरकार अब खेल विभाग के अधिकारियों को इन खेलों के आयोजन के संबंध में जानकारी लेने के लिए गोवा भेज रही है। ये अधिकारी वहां चल रही विभिन्न खेल स्पर्धाओं के आयोजन के तरीकों, खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था व प्रबंधन के बारे में जानकारी लेंगे।प्रदेश में अगले वर्ष प्रस्तावित 38वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर सरकार अपनी तैयारियों में जुटी हुई है। प्रदेश सरकार की मंशा इन राष्ट्रीय खेलों में 38 खेल स्पर्धाएं कराने की है। जिनमें 34 खेल भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा स्वीकृत हैं और चार खेल प्रदेश सरकार अपने स्तर से रखने की तैयारी कर रही है। इन राष्ट्रीय खेलों के लिए यह तय किया जा चुका है कि कौन-कौन सी प्रतियोगिताएं किस जिले में कराई जानी हैं। इसके साथ ही खेल गांव को लेकर भी स्थान का चयन हो चुका है। यहां पर अवस्थापना सुविधाओं को बढ़ाने का काम चल रहा है।