आज प्रदेश विस्तृत कार्यसमिति की बैठक हो रही है। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पहुंचे।वह आगामी विधानसभा चुनाव में सुरक्षित जीत का मंत्र देंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ के संगठन व सरकार में काम करने के उनके लंबे अनुभव से प्रदेश भाजपा को जीत के लिए मार्गदर्शन मिलेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ,प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी समेत अन्य पदाधिकारी कार्य समिति में शामिल हैं।इसमें प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों और पदाधिकारियों की मौजूदगी में बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनआशीर्वाद यात्रा के माध्यम से सभी विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने की योजना पर भी चर्चा होगी।रक्षामंत्री ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को पार्टी की ताकत बताया। उन्होंने कहा कि मैं शीश झुकाकर कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूं। उत्तराखंड आने पर बहुत सुखद अनुभूति होती है। यहां आने पर मुझे शांति का भाव पैदा होता है । दूसरा भाव लंबे समय से कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं से मिलने की प्रसन्नता का भाव पैदा होता है। तीसरा भाव उपलब्धि और संतोष का भाव पैदा होता है। उत्तराखंड में लगातार दो बार सरकार बनेगी,आज भाजपा वहां भी विकास कर रही है। सत्ता रहे या जाए, हम अपने विचारों से कोई समझौता नहीं करते। हमारा मूल्यांकन इस आधार पर होना चाहिए कि हम अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए कार्य करने में कितना सफल रहे।
