रुद्रप्रयाग में देर रात बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर एक बोलेरो गहरी खाई में गिरी । हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें 108 एंबुलेंस के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। सीओ रुद्रप्रयाग सहित पुलिस और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायल छह लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो लोगों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। बचाव दलों ने रातभर अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
