सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर कर्क लग्न में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही इसके साथ ही इस वर्ष चारधाम यात्रा संपन्न हो गई है। कपाट बंद होने के अंतिम दिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इस अवसर पर पूरा धाम सेना के बैंड की मधुर धुनों और जय बदरीविशाल के उद्घोष से गूंज उठा। कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था। शाम आठ बजे से कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू हुई। बदरीनाथ के रावल (मुख्य पुजारी) अमरनाथ नंबूदरी ने परंपरा के अनुसार स्त्री वेश धारण कर लक्ष्मी मंदिर से माता लक्ष्मी की मूर्ति को लाकर भगवान बदरीनाथ के गर्भगृह में विराजमान किया। इसके बाद बदरीश पंचायत में विराजमान कुबेर और उद्धव की उत्सव प्रतिमाओं को मंदिर परिसर में लाया गया। रावल ने भगवान बदरीनाथ की निर्वाण शिला मूर्ति को परंपरानुसार घृत कंबल ओढ़ाया। धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके बाद रात्रि ठीक 9 बजकर 37 मिनट पर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
