मसूरी रोड स्थित एक होटल में इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद 56वें उत्तरी क्षेत्रीय निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों एवं निर्यातकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उद्यमियों और निर्यातकों ने अपने परिश्रम, नवाचार और उत्कृष्ट उत्पादों के माध्यम से मेड इन इंडिया को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और प्रतिष्ठा दिलाई है।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक के साथ आर्थिक शक्ति का बड़ा केंद्र बनाना सरकार का लक्ष्य है। पिछले कुछ वर्षों में राज्य का निर्यात 10 हजार करोड़ से बढ़कर 13 हजार करोड़ पहुंच गया है। ऊधमसिंह नगर जिले के खुरपिया में 1100 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर बनेगा, जिससे 25 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा।उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद एक समय ऐसा भी था, जब पर्वतीय राज्य होने के कारण यहां उद्योगों और बड़े निवेश की संभावनाओं पर सवाल उठाए जाते थे, लेकिन राज्य सरकार ने इन चुनौतियों को अवसर में बदलने का संकल्प लिया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपार संभावनाओं वाला राज्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
