उत्तराखंड में मौसम के मिजाज में हुए बदलाव के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई। देहरादून में भी सुबह की तेज दौर की बारिश से तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। देहरादून में बुधवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को भी देहरादून समेत पांच जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है। जबकि 3500 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
