Pretty Smiling Young Indian Students with Laptop and tablet computer Looking at Camera
उत्तराखंड के राजकीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को जल्द टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय ने विद्यालयी शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर इस संबंध में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 18 सितंबर को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया था। एक छात्रा के प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने राजकीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराने के लिए डीबीटी के माध्यम से धनराशि देने की घोषणा की थी। अब मुख्यमंत्री कार्यालय के पत्र के बाद विभागीय स्तर पर इस घोषणा को अमलीजामा पहनाने की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ने की उम्मीद है।मुख्यमंत्री कार्यालय के उप सचिव हीरा सिंह बसेड़ा ने विद्यालयी शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र भेजा है। इसमें मुख्यमंत्री की घोषणा का उल्लेख करते हुए इसके क्रियान्वयन के लिए तत्काल अग्रेत्तर कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। पत्र में कहा गया है कि योजना के लिए वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करते हुए शासनादेश जारी किया जाए और इसकी जानकारी अविलंब मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। इससे घोषणा के क्रियान्वयन की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जा सकेगा।
