चुनाव आयोग ने जनवरी 2025 से अगस्त 2026 तक 19 महीने में उत्तराखंड की वोटर लिस्ट से 17.05 लाख वोट काटे। सर्वाधिक 4.84 लाख वोट कटने के बाद देहरादून जिला पहले स्थान से खिसक कर दूसरे पर आ गया है। अब प्रदेश में हरिद्वार जिले में सर्वाधिक 12.45 लाख मतदाता हो गए हैं।मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से बुधवार को प्रेसवार्ता के दौरान छह जनवरी 2025 से 13 अगस्त 2026 तक जुड़े, कटे मतदाताओं की जानकारी जारी की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि इस अवधि में उत्तराखंड में कुल 17,05,130 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए। इसी अवधि में 4,34,620 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में जोड़े भी गए। अब एसआईआर पूरा होने के बाद एक जुलाई 2026 के आधार पर प्रदेश में 71,58,949 मतदाता हैं।
