उत्तराखंड में चुनाव आयोग का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सोमवार रात 12 बजे समाप्त हो गया। इसके साथ ही आयोग ने पूरा डाटा फ्रीज कर दिया है। अब तीन अक्तूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।पहले अंतिम सूची 15 सितंबर को जारी होनी थी, पर पांच जिलों के मतदाताओं के यूपी से सत्यापन के कारण तिथि बदली गई। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि अब पूरा डाटा फ्रीज हो चुका है। इसमें किसी भी तरह का कोई बदलाव संभव नहीं है। छूटे हुए, नए मतदाताओं को फॉर्म-6 भरकर दोबारा मतदाता बनने का मौका दिया जाएगा।मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देश पर सोमवार को बैठक हुई। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने इसकी अध्यक्षता की। इसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर कार्यक्रम की जानकारी दी गई। डॉ. जोगदंडे ने बताया कि दावे-आपत्तियों का निस्तारण सोमवार को पूरा हो गया। नागरिक ऑनलाइन ईसीआई-नेट या बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकते हैं। बैठक में भारतीय जनता पार्टी से राजकुमार पुरोहित, इंडियन नेशनल कांग्रेस से राजेंद्र सिंह भंडारी और प्रशांत खंडूरी, बसपा से सत्यपाल और सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी से अशोक सेमवाल तथा सीपीआई(एम) से अनंत आकाश उपस्थित रहे।
