Woan hand with knife against man
देहरादून सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में कहासुनी के बाद यूपी के पीलीभीत जिले के निवासी जितेंद्र कुमार ने राजपाल (25) के सीने में चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल राजपाल को पुलिस ने एंबुलेंस से झाझरा स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जितेंद्र कुमार मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, सोमवार देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल जमनपुर पहुंची और घायल राजपाल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसकी मौत हो गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था। इसी दौरान बिल्डिंग के पास ही रहने वाले राजपाल और जितेंद्र के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई।थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों ने शराब पी रखी थी। विवाद बढ़ने पर जितेंद्र ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
