सीएम कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 140 छात्र-छात्राओं से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने विकसित उत्तराखंड के विजन को लेकर विद्यार्थियों के विचारों व सुझावों को जाना। उन्होंने कहा कि युवाओं के उपयोगी और व्यावहारिक सुझावों को राज्य सरकार की योजनाओं व नीति निर्धारण से जोड़ने का प्रयास करेगी।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में मिले सुझाव पर सरकारी स्कूलाें में पढ़ने वाले 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को टैब देने और प्रदेश में नॉलेज बैंक बनाने की घोषणा की है। विद्यार्थियों को टैब खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाएगी। संवाद के दौरान हरिद्वार की कक्षा 11वीं की छात्रा लवप्रीत कौर ने मुख्यमंत्री से कहा कि आजकल ऑनलाइन पढ़ाई का चलन बढ़ रहा है, लेकिन कई परिवारों की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं होती कि वे बच्चों के लिए फोन या लैपटॉप खरीद सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि ऐसे विद्यार्थियों के लिए सरकार क्या व्यवस्था करेगी। छात्रा के प्रश्न का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ही घोषणा की कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब उपलब्ध कराने के लिए उनके खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि दी जाएगी।
