डेंगू व स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को जिले में डेंगू के 9 और स्वाइन फ्लू के 27 नए मरीज मिले हैं। वहीं, डेंगू के पांच और स्वाइन फ्लू के 16 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। डेंगू के नौ नए मामलों में तीन देहरादून और छह अन्य जिलों से हैं। ग्राफिक एरा, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल और हिमालयन इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज में तीन-तीन मरीज भर्ती हैं। दून के संक्रमितों में झाझरा, हरभजवाला और रायपुर के मरीज शामिल हैं।डेंगू की रोकथाम के लिए बुधवार को आशाओं और स्वयंसेवकों ने 14,553 घरों का सर्वे किया। इस दौरान 71,289 कंटेनरों की जांच में 339 में मच्छर का लार्वा मिला। अब तक 9,91,208 घरों और 61,58,053 कंटेनरों की जांच की जा चुकी है। चिकनगुनिया के भी दो नए मामले मिले हैं, जिससे कुल संख्या 95 पहुंच गई है। स्वाइन फ्लू के 27 नए मामलों में 21 देहरादून और छह अन्य जिलों के हैं। इनमें एसएमआइ अस्पताल और बैठियाल लैब के छह-छह, एम्स ऋषिकेश से पांच, दून अस्पताल से चार, आइडीएसपी से तीन, कैलाश अस्पताल से दो और लाल पैथ लैब से एक मामला रिपोर्ट हुआ है।
