बहादराबाद क्षेत्र में रहने वाले एक युवक और किशोरी ने संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। किशोरी की जिला अस्पताल और युवक की जौलीग्रांट स्थित अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस की जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार की सुबह पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली कि देव (20) निवासी कस्बा बहादराबाद को जौलीग्रांट अस्पताल में लाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। साथ ही बहादराबाद क्षेत्र निवासी 15 वर्षीय किशोरी के जहरीला पदार्थ खाने पर जिला अस्पताल लाने पर मौत होने की जानकारी मिली। दो अलग-अलग टीमें अस्पतालों में पहुंची। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने परिजनों से पूछताछ कर जानकारी ली। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि युवक और किशोरी दोनों का प्रेम प्रसंग था। दोनों शादी की करने की जिद परिजनों से कर रहे थे। परिजनों ने किशोरी के नाबालिग होने की बात कहते हुए शादी से मना कर दिया था।
