Asian woman lying sick in hospital.
हल्द्वानी में स्वाइन फ्लू का कहर 10 दिन के अंदर स्वाइन फ्लू से तीसरी मौत हो गई है। शनिवार को आइसीयू में भर्ती 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वह मूल रूप से बागेश्वर की रहने वाली थी, जबकि वर्तमान में लामाचौड़ में रहती थीं। जानकारी के मुताबिक, महिला कैंसर से पीड़ित थीं और उनकी कीमोथैरेपी भी चल रही थी। कुछ दिन पहले उन्हें निमोनिया होने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उन्हें दो सितंबर को सुशीला तिवारी अस्पताल में रेफर किया गया। तब से उनका इलाज चल रहा था।एसटीएच में स्वाइन फ्लू से यह तीसरी मौत है। इससे पहले तीन सितंबर को नैनीताल निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग और पांच सितंबर को रातीघाट निवासी 65 वर्षीय वृद्ध महिला की भी स्वाइन फ्लू से मौत हुई थी। दोनों पहले से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। इधर, शनिवार को काशीपुर की 70 वर्षीय महिला की रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पाजिटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए एसटीएच के एक डाक्टर को होम आइसोलेट किया गया है। फिलहाल अस्पताल में दो स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है।
