Shooting a gun in night
बड़ोवाला में बैंक कर्मी सत्यम चौहान को गोली मारने के मामले में एक युवती पूरी कहानी के केंद्र में आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवती से सत्यम के पुराने संबंध थे जिसे लेकर पहले भी विवाद हुआ था। अब युवती अपने पते से गायब बताई जा रही है। उधर, हमलावरों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। हमलावर वारदात को अंजाम देने के लिए नकाब पहनकर और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल लेकर आए थे। जानकारी के अनुसार, सत्यम पिछले साल ही देहरादून आए थे। इससे पहले हरिद्वार में बैंक शाखा में काम करते थे।सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो उनमें दिखा कि दोनों युवक नकाब पहने हुए थे। बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मामले में घायल सत्यम से भी पूछताछ की गई है। बताया जा रहा है कि उसका हरिद्वार में भी पिछले साल झगड़ा हुआ था।
इस पूरी वारदात के केंद्र में एक युवती बताई जा रही है जिसका सत्यम से संबंध था। प्रेम त्रिकोण से भी जोड़कर यह मामला बताया जा रहा है। इस मामले में एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। सत्यम के साथ किसी की रंजिश तो नहीं थी या फिर उसे पहले कोई धमकी मिली या नहीं इन सबकी जांच की जा रही है।
