प्रदेश में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 53.72 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। रामनगर शहर की सीवरेज योजना जोन-1 के अंतर्गत वर्तमान सात एमएलडी सीवेज शोधन संयंत्र के ट्रंक एवं शाखा सीवर निर्माण के लिए 42.75 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे शहर में सीवरेज नेटवर्क को विस्तार देने और सीवेज के बेहतर निस्तारण में मदद मिलेगी। नैनीताल जिले के रामनगर में सीवरेज व्यवस्था के विस्तार से लेकर प्रदेश के राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण, चमोली में पौराणिक मंदिर के सुंदरीकरण और देहरादून स्थित राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के कार्य शामिल हैं। प्रदेश के राजस्व परिषद, मंडलायुक्त कार्यालय और जिला कार्यालयों में स्थित राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके तहत पुराने राजस्व अभिलेखों के संरक्षण और अभिलेखागारों की व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में काम होगा।
