उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण ने राज्य में अवैध रूप से संचालित मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। प्राधिकरण की सिफारिश पर शनिवार को शिक्षा महानिदेशक आकांक्षा कौंडे और हरिद्वार जिला प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मंगलौर क्षेत्र में संचालित दो अवैध मदरसों को सील कर दिया। प्राधिकरण के चेयरमैन डॉ. गांधी के अनुसार, ऊधम सिंह नगर जिले में भी सात अवैध मदरसों के संचालन की जानकारी सामने आई है। इन मदरसों को बंद कर सील करने के लिए संबंधित प्रशासन से कार्रवाई की सिफारिश की गई है। इन संस्थानों में शिक्षा विभाग की निर्धारित मुख्यधारा की शिक्षा के बजाय धार्मिक शिक्षा पर अधिक जोर दिया जा रहा है। प्राधिकरण के गठन के बाद प्रदेश में संचालित मदरसों को मुख्यधारा की शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने के लिए उनकी मान्यता और पंजीकरण की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर बिना निर्धारित प्रक्रिया पूरी किए मदरसों का संचालन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
