रक्षाबंधन पर उत्तराखंड की बहनों को मिलेगा बड़ा तोहफा! सरकारी बसों में दो दिन कर सकेंगी फ्री यात्रा ,प्रदेश में उत्तर प्रदेश की तर्ज पर ही महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में निश्शुल्क यात्रा कराने का प्रस्ताव भी परिवहन निगम मुख्यालय की ओर से शासन को भेजा गया है।प्रदेश सरकार राखी के दिन बहनों को एक दिन परिवहन निगम की बसों में राज्य की सीमा के भीतर निश्शुल्क सफर का तोहफा देती है। अब रक्षा बंधन आने वाला है। इसे देखते हुए यह माना जा रहा है कि इस बार प्रदेश के सुदूरवर्ती इलाकों में रहने वाले भाई व बहनों की सुविधा के लिए यह निश्शुल्क यात्रा की यह सीमा एक दिन से अधिक की हो सकती है। परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश महिलाओं के लिए सरकारी बसों में निश्शुल्क यात्रा का प्रविधान कर रहा है। इससे महिलाओं के साथ जाने वाले अन्य यात्री भी उत्तर प्रदेश की बसों में सफर कर सकते हैं। इससे परिवहन निगम की आय प्रभावित हो सकती है।
