मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नौ लाख 87 हजार से अधिक पेंशन लाभार्थियों को बड़ी राहत दी। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के तहत 146 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक की पेंशन राशि सीधे उनके खातों में भेजी। भुगतान जुलाई 2026 माह की पेंशन के लिए किया गया है। सीएम कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का हस्तांतरण समय पर और पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। इससे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचना है। मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। उन्होंने कहा, किसी बुजुर्ग, विधवा या दिव्यांग को पेंशन के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सरकार का संकल्प प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक उसका अधिकार दिलाना है।
