उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। खासकर राजधानी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा से नदी-नाले उफान पर आ गए, जबकि पहाड़ी इलाकों में जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। शहर के कई हिस्सों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के कारण रिस्पना, बिंदाल, सोंग और सुसवा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया और निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई स्थानों पर जलभराव से यातायात प्रभावित रहा, जबकि पहाड़ी मार्गों पर मलबा आने से आवाजाही में भी दिक्कतें आईं।मौसम विभाग ने आज भी देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादलों का डेरा है और बौछारों के दौर भी जारी हैं। मंगलवार मध्य रात्रि को शुरू हुई वर्षा दून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह तक जारी रही। बीते 24 घंटों में चकराता, मसूरी और धनोल्टी क्षेत्र में 150 मिलीमीटर से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि देहरादून शहर के विभिन्न हिस्सों में 60 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज हुई।
