प्रदेश की एकल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अब सभी जिलों में सीएम एकल महिला स्वरोजगार योजना शुरू होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज मुख्य सेवक सदन में आठ जिलों के लिए योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत महिलाओं को परियोजना लागत पर 75 फीसदी सब्सिडी दी जाती है।महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बीएल राणा के मुताबिक मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना एक सशक्त महिला उद्यमी योजना है। यह योजना राज्य की एकल महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने एवं आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में कारगर साबित होगी। योजना के तहत दूसरे चरण में आज अल्मोड़ा की 26, चंपावत की 25, चमोली की 29, हरिद्वार की 32, रुद्रप्रयाग की 17, पिथौरागढ़ की 40, उत्तरकाशी की 42 एवं देहरादून की एक महिला को लाभान्वित किया जाएगा।
