यमुनोत्री घाटी में मध्य रात्रि से लगातार हो रही बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे स्याना चट्टी सहित कई स्थानों पर मलबा और पत्थर आने से आवाजाही बंद हो गई है। लगातार बारिश के कारण सड़क खोलने का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। वहीं कर्णप्रयाग सिमली मार्ग पर भी बोल्डर गिर गए। नारायणबगड़ के थरालीबगड़ बाजार में एक बार फिर मलबा घुसने से हाईवे बाधित हो गया, जिसे बीआरओ ने सोमवार सुबह मलबा हटाकर खोल दिया। बारिश के साथ बहकर आया मलबा कई दुकानों में घुस गया, जबकि सरकारी राशन गोदाम में भी आंशिक रूप से मलबा पहुंचा है। अस्पताल के आगे और जीत सिंह मार्केट क्षेत्र में हाईवे पर मलबा फैलने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। उधर, कर्णप्रयाग में रविवार रात से बिजली आपूर्ति भी बाधित है।
