बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे में चोरी के मामले की जांच के दौरान बीकेटीसी ने दान गणना के खजांची संदेश मेहता को हटा दिया है। उसके स्थान पर केदार सिंह रावत को खजांची की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा चढ़ावा प्रकरण में अन्य कर्मचारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी है। मंदिर में चढ़ावा हेराफेरी मामले की त्रिस्तरीय जांच चल रही है।मंगलवार को मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गठित समिति ने बदरीनाथ मंदिर पहुंच कर जांच पड़ताल की। समिति ने बीकेटीसी से चढ़ावे की गणना प्रक्रिया के साथ ही गणना कक्ष की व्यवस्था को देखा। समिति ने गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर चढ़ावा हेराफेरी की जानकारी जुटाई है। बीकेटीसी की चार सदस्यीय टीम जांच कर चुकी है। इसके साथ ही पुलिस व शासन स्तर पर उच्च स्तरीय कमेटी मामले की जांच कर रही है।बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने खजांची को हटाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, गणना रजिस्ट्रर में कमियों के आधार पर खजांची को हटाया गया।
