मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर में अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलाें में जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों व भवनों का स्थलीय सर्वे करने के निर्देश दिए गए।बीते दिन लखनऊ में एक कोचिंग सेंटर में अग्निकांड की घटना के बाद प्रदेश सरकार भी सतर्क हो गई है। सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेशभर के सभी अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, बड़े मॉल, होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ अन्य सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाए। जन सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
