मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को अल्मोड़ा पहुंचे। यहां जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में सैन्य अभियान के दौरान बीते दिनों वीरगति को प्राप्त पांच असम रेजिमेंट के अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के पांडेखोला स्थित आवास पहुंचे।बलिदानी अधिकारी की फोटो पर पुष्पांजलि अर्पित की और स्वजन से भेंट कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।उन्होंने शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया और परिवार को इस मुश्किल घड़ी में एकजुट होकर इस कठिन समय का सामना करने की हिम्मत दी।उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा में दिया गया लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही अल्मोड़ा में बलिदानी बीरेश्वर की स्मृति में भव्य गेट बनाया जाएगा।
