राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा ने कर चोरी रोकने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। इसमें हरिद्वार में चार फर्मों पर छापा मारकर जांच और गहन सर्वेक्षण किया। पूरे प्रकरण में विभाग ने मौके पर ही दो करोड़ रुपये का कर और जुर्माना वसूल किया। वहीं फर्मोंं की जांच के साथ ही अभिलेख जब्त किए गए।यह कार्रवाई आयुक्त राज्य कर प्रतीक जैन के निर्देशों पर की गई। विभाग को शिकायत मिल रही थी कि कई फर्म अवैध इनपुट कर क्रेडिट का लाभ उठा रहे हैं।इस सर्वेक्षण के लिए चार टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई के अधिकारी शामिल थे। 12 अधिकारियों ने इस अभियान में हिस्सा लिया। टीमों ने व्यापारियों के परिसरों में गहन जांच की। आयुक्त कर प्रतीक जैन ने इस कार्रवाई को लेकर बताया कि राज्य कर विभाग का यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। फर्जी इनपुट कर क्रेडिट दिखाकर कर चोरी के प्रयासों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग राज्य में ऐसी सभी फर्मों पर सख्त निगरानी और जांच की कार्रवाई जारी रखेगा।
