राज्य के 119 राजकीय विश्वविद्यालयों एवं उनसे संबद्ध 216 उच्च शिक्षा संस्थानों की उत्तर-पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को पारदर्शी, तेज और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।उच्च शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालयों में ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से उत्तर-पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ऑनलाइन किया जा रहा है, जिससे परीक्षा परिणाम समय पर घोषित करने में सहायता मिलेगी और छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ पहुंचेगा।अभी तक प्रचलित पारंपरिक और भौतिक मूल्यांकन प्रणाली में पारदर्शिता की कमी, पुनर्मूल्यांकन में देरी एवं उत्तर-पुस्तिकाओं की सुरक्षा जैसी कई चुनौतियां सामने आती रही हैं। श्रीदेव सुमन विवि का परिणाम समय पर नहीं आने से छात्र दूसरे विवि में प्रवेश लेने से वंचित रह जाते थे। लेकिन अब ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली लागू होने से इन समस्याओं का समाधान होगा। साथ ही उत्तर-पुस्तिकाओं के भौतिक परिवहन पर होने वाले खर्च में भी कमी आएगी।
