एक घंटे तक भीषण आंधी-तूफान और मूसलधार बारिश के कारण शहर व आसपास 15 जगह पेड़ गिर गए, जिस कारण यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया।शुक्रवार शाम को अचानक आए तेज आंधी-तूफान और मूसलधार वर्षा ने कई क्षेत्रों में चुनौतीपूर्ण स्थिति पैदा कर दी। शहर में राष्ट्रपति दौरे को देखते हुए फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की ओर से पहले से ही चार क्विक रिस्पांस टीमों को तैनात किया हुआ था।तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गए और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंची और गिरे हुए पेड़ों को हटाकर मार्गों को सुचारु किया।जनपद में देहरादून में 11, सेलाकुई में दो, मसूरी में एक और ऋषिकेश में एक जगह पेड़ गिरने की सूचना मिली थी। पूरे अभियान के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी भी घटनास्थल पर पहुंचे।फायर एंड इमरजेंसी सर्विस ने मौके पर पहुंचकर सभी जगह पेड़ हटाकर यातायात सुचारु किया। पेड़ गिरने से कोई जनहानि की सूचना नहीं है।
