हरिद्वार शहर, लक्सर में सड़क, फुटपाथ व नालियों पर कब्जा जमाए बैठे अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध प्रशासन ने कार्रवाई की। इस दौरान दर्जनों अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण हटाए गए। कई ठेलियां जब्त कीं। सभी के चालान करके जुर्माना वसूल किया गया।कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे किए गए 55 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए गए। पांच लोगों के चालान कर नौ हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर एक सिलेंडर भी जब्त किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में हरिद्वार शहर में देवपुरा चौक से रेलवे स्टेशन, शिवमूर्ति होते हुए वाल्मीकि चौक (ललतारौ पुल) तक अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे, फुटपाथों और नालियों पर किए गए 60 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए, जबकि 15 से अधिक ठेलियां जब्त की गईं। नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान को अंजाम दिया।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि सरकारी भूमि, सड़क, नालियों और फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उच्चतम न्यायालय भी सार्वजनिक फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दे चुका है, ताकि पैदल चलने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
