सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर नया रिकार्ड बनाया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य ने देशभर में अपना डंका बजाया है।
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में उत्तराखंड को चार श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।नई दिल्ली स्थित अटल अक्षय ऊर्जा भवन में आयोजित समारोह में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उत्तराखंड को सम्मानित किया। उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक जीएस. बुदियाल ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।ऊर्जा विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री धामी की प्राथमिकता के कारण प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यूपीसीएल ने व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए गए, डिजिटल प्लेटफार्म का उपयोग किया गया और उपभोक्ताओं को आवेदन से लेकर सोलर संयंत्र स्थापना तक हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराई गई। इसी का परिणाम है कि राज्य ने सभी प्रमुख प्रदर्शन सूचकांकों में अग्रणी स्थान हासिल किया।
