देहरादून में सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।राजधानी देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में मूसलधार बारिश ने 86 वर्षों का नया रिकार्ड बना दिया है। पिछले 24 घंटों के दौरान दून में 69 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो वर्ष 1940 में दर्ज 79 मिलीमीटर बारिश के बाद मई में दूसरी सर्वाधिक वर्षा है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों के साथ मैदानी इलाकों में बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसका सीधा असर तापमान पर देखने को मिलेगा जिससे गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को मानसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, कोमोरिन क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है।
