Shooting a gun in night
प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीन बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें एक बदमाश ढेर हो गया, जबकि दो बदमाश फरार हो गए, उनमें से एक घायल है। वहीं, प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर के हाथ में दो गोली लगी हैं।जानकारी के अनुसार, पौंधा रोड पर एक व्यक्ति को गोली मारकर बदमाशों ने उसकी चेन और नकदी लूट ली और मौके से भाग गए। लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने जिस व्यक्ति को गोली मारी थी उसको भी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को मार गिराया, जबकि दो फरार हो गए। इस दौरान प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर को भी दो गोलियां लगीं, जिन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।फिलहाल फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस सघन कांबिंग अभियान चला रही है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्धों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
