मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त हिदायत दी कि चारधाम यात्रा की गरिमा, आस्था व श्रद्धा से खिलवाड़ करने वालों का बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार की ओर से तीर्थयात्री सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, आपदा सुरक्षा व डिजिटल माध्यम से निगरानी को मजबूत कर प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम व व्यवस्थित दर्शन कराए जा रहे हैं। कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया पर चारधाम यात्रा के संबंध में भ्रामक वीडियो प्रसारित कर तीर्थयात्रियों को भ्रमित करने के साथ राज्य की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो प्रसारित करने व अफवाह फैलाने वालों पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की चौबीस घंटे निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्तराखंड की आस्था, श्रद्धा एवं चार धाम यात्रा की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
