उत्तराखंड में भूमि धोखाधड़ी (लैंड फ्राड) और अन्य घपलों पर सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है।मंगलवार को सचिवालय परिसर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में लैंड फ्राड से जुड़े मामलों को, पहले इसके लिए गठित समिति के समक्ष रखे जाने, संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिस विभाग का जो कार्य है, वह अपने-अपने स्तर से कार्रवाई कर रहा है और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर इन मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने कहा कि आपरेशन प्रहार के तहत पुलिस विभाग लगातार सक्रिय है और प्रदेशभर में संदिग्ध मामलों की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार का फोकस पारदर्शिता, जवाबदेही और आमजन के हितों की रक्षा पर है।उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं और सामने आए घोटालों पर सरकार पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही है।चारधाम यात्रा की तैयारियों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। अधिकारियों के साथ व्यापक मंथन कर यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

