प्रदेश में प्रवासी श्रमिकों और छात्रों के लिए राहत की खबर है। अब वे आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र दिखाकर किसी भी गैस एजेंसी से पांच किलोग्राम का छोटा एलपीजी सिलिंडर प्राप्त कर सकते हैं।दूरदर्शन केंद्र के सभागार में मंगलवार को प्रेसवार्ता में अपर आयुक्त पीएस पांगती ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और एक मार्च, 2026 से अब तक 18 लाख से अधिक सिलिंडर घरों तक पहुंचाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। किसी भी पंप से इसकी शिकायत नहीं आ रही है।अपर आयुक्त खाद्य पीएस पांगती ने कहा कि राज्य में प्रवासी श्रमिकों और छात्रों की संख्या अधिक है। ऐसे उपभोक्ताओं की दिक्कतों का समाधान तलाश किया गया है। छोटे पांच किलोग्राम के सिलिंडरों की बिक्री भी बढ़ी है और अब तक 6,700 से अधिक सिलिंडर बेचे जा चुके हैं।

