प्रदेश के सभी विद्यालयों में अब हर शनिवार को छात्र-छात्राओं को देश और प्रदेश के राजाओं के गौरवशाली अतीत से परिचित कराया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने राज्य के राजाओं वसुदेव कत्यूरी, कनकपाल, अजयपाल, प्रद्युम्न शाह, सोमचंद, ज्ञानचंद आदि की वीरता एवं साहस से छात्रों को परिचित कराने की नई पहल की है।माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को जारी निर्देश में कहा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 इस बात पर जोर देती है कि विद्यालयों में दी जा रही शिक्षा छात्र-छात्राओं को भारतीय ज्ञान परंपरा एवं गौरवशाली विरासत से जोड़े एवं उन्हें मूल्य आधारित, संवेदनशील व जागरूक नागरिक के रूप में तैयार करे। एनईपी में यह भी कहा गया है कि विद्यालयों में इतिहास एवं संस्कृति की पढ़ाई केवल तिथियों और घटनाओं तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों में प्रेरणा, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रबोध एवं चरित्र निर्माण का प्रभावी माध्यम बने। जिसे देखते हुए विभिन्न चरणों एवं क्षेत्रों में हिंदू शासकों का शासन, उनका व्यक्तित्व एवं योगदान छात्र-छात्राओं के लिए अहम है।

