Shooting a gun in night
राजपुर थानाक्षेत्र के जोहड़ी गांव में युवकों के दो गुटों की फायरिंग में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह करीब 6:40 बजे तब हुई जब दो कार में सवार कुछ युवक आपसी विवाद के बाद एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे थे।जानकारी के मुताबिक ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी अपने निवास से मसूरी रोड की तरफ सुबह टहलने के लिए निकले थे। वह घर से करीब 200 मीटर दूर पहुंचे तो मसूरी रोड की तरफ से आ रहीं दो तेज रफ्तार कार पास से गुजरीं। दोनों कार में बैठे युवक एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ गोलियां चला रहे थे। इसी दौरान एक गोली जोशी के सीने में जा लगी। गोली लगते ही वे सड़क पर गिर गए।इसके बाद एक कार से उन्हें मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।घटना का कड़ा संज्ञान लिया गया है। एक पक्ष के आरोपियों को पकड़ लिया गया है, जबकि दूसरी कार में सवार आरोपी अभी फरार हैं। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।पकड़े गए आरोपियों में दिल्ली के मोहन गार्डन, उत्तम नगर निवासी रोहित कुमार और पश्चिमी दिल्ली के अमर कॉलोनी मुडका नागलोई निवासी संदीप कुमार, बिहार के खगरिया निवासी मोहम्मद अखलाक उर्फ साबिर और देहरादून के रायपुर निवासी आदित्य चौधरी शामिल हैं। जबकि फरार आरोपी शांतनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर चौधरी व वैभव की तलाश की जा रही है।

