देहरादून एयरपोर्ट पर आज 29 मार्च से समर शेड्यूल लागू कर दिया गया है। यह 24 अक्तूबर तक लागू रहेगा। समर शेड्यूल में कुल 34 उड़ानों को मंजूरी मिली है। समर शेड्यूल में कुछ उड़ानों के समय में भी परिर्वतन किया गया है। वहीं कुछ नए शहर भी देहरादून एयरपोर्ट से जुड़े हैं।नए समर शेड्यूल में भुवनेश्वर वाली उड़ान शामिल नहीं है। जबकि समर शेड्यूल में नवी मुंबई और पिथौरागढ़ के लिए देहरादून से सीधी उड़ान शामिल है। समर शेड्यूल में कुछ उड़ानें 29 मार्च और कुछ उसके बाद अलग-अलग दिन शुरू की जाएंगी। देहरादून एयरपोर्ट से कुल 12 शहरों की लिए सीधी उड़ानें संचालित की जाएंगी, जिसमें दिल्ली, अहमदाबाद, कुल्लू, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, बंगलूरू, लखनऊ, पुणे, नवी मुंबई, कोलकाता और पिथौरागढ़ शामिल हैं।देहरादून एयरपोर्ट पर आज केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू द्वारा दिल्ली से वर्चुअल डिजी यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इस सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को अपना चेहरा दिखाते ही एयरपोर्ट के अंदर सीधे एंट्री मिलेगी। ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) से मंजूरी मिलने के बाद देश के बड़े एयरपोर्ट की तर्ज पर देहरादून एयरपोर्ट पर इस सुविधा को शुरू किया जा रहा है। डिजी यात्रा की सुविधा शुरू होने से यात्रियों को तेज, सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा। इससे बोर्डिंग प्रक्रिया और लंबी कतारों में घंटों लाइन में लगने के झंझट से छुटकारा मिलेगा।एयरपोर्ट पर बोर्डिंग पास में लगने वाले समय में मैनुअल अपना पहचानपत्र, टिकट या संबंधित दस्तावेज भी नहीं दिखाना पड़ेगा। एयरपोर्ट पर लगे संबंधित उपकरणों और आधुनिक कैमरों से यात्री के चेहरे की पहचान के बाद डिजी गेट ऑटोमेटिक खुल जाएगा,डिजी यात्रा यात्रियों के लिए एक डिजिटल पहल है। जो हवाई यात्रियों को पेपरलेस और संपर्क रहित सुविधा प्रदान करती है। इसमें बोर्डिंग, आईडी प्रूफ आदि दिखाने की जरूरत नहीं होती है।

